
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और नियोजित शहरी विकास के विजन को धरातल पर उतारने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने विकास कार्यों की गति तेज कर दी है। बुधवार को एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों के साथ सिटी फॉरेस्ट, आमवाला तरला आवासीय योजना, ट्रेंचिंग ग्राउंड, कालसी घाट और धौलास स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही हरित विकास, ऊर्जा संरक्षण, आधुनिक शहरी सुविधाओं और अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया।

सिटी फॉरेस्ट को मिलेगा नया स्वरूप
सहस्त्रधारा रोड स्थित सिटी फॉरेस्ट के निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने इसे प्रदेश के सबसे आकर्षक शहरी पार्कों में विकसित करने की योजना पर चर्चा की। उन्होंने पुराने ट्री हाउस के नवीनीकरण, पैदल मार्गों के किनारे बारहमासी फूलों के रोपण, नदी किनारे बांस के पौधे लगाने, लोटस फाउंटेन विकसित करने और भारत माता मंदिर निर्माण के निर्देश दिए।
इस दौरान यह भी जानकारी दी गई कि पार्क में स्थापित 120 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र बिजली खर्च में लगभग 90 प्रतिशत तक की बचत कर रहा है। इसे हरित ऊर्जा की दिशा में एक सफल मॉडल माना जा रहा है।
जुलाई से आमवाला तरला योजना के लाभार्थियों को मिलेगा कब्जा
रिकॉर्ड समय में तैयार की गई आमवाला तरला आवासीय योजना का निरीक्षण करते हुए बंशीधर तिवारी ने जुलाई माह से लाभार्थियों को आवास आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में पौधारोपण भी किया और छायादार व फलदार वृक्षों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया।
इसके अलावा खुली पार्किंग को कवर करने तथा ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि भविष्य में जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सके।

कचरे को संसाधन में बदलने की तैयारी
- सहस्त्रधारा रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन और पुनः उपयोग की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस संबंध में नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजना के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कर ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।

जुलाई में होगा कालसी घाट का लोकार्पण
यमुना नदी तट पर विकसित किए जा रहे कालसी घाट के निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने कार्य प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत चेन लगाने, व्यापक पौधारोपण करने और जुलाई तक सभी शेष कार्य पूर्ण कर लोकार्पण की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को जल्द मिलेगी सौगात
धौलास स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परियोजना का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने बताया कि 15 में से 10 टावरों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुके टावरों में 30 जुलाई से लाभार्थियों को कब्जा सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जाए, जिससे सैकड़ों परिवारों के अपने घर का सपना साकार हो सके।

अवैध निर्माणों पर जारी रहेगी कार्रवाई
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा, आधुनिक शहरी सुविधाओं और सुव्यवस्थित विकास के नए मानक स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवासीय योजनाओं में पार्किंग, जल निकासी और हरित क्षेत्र जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।
