देहरादून : राष्ट्रीय प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार, 28 जून 2026 को जनपद देहरादून में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ जिला चिकित्सालय (महात्मा गांधी शताब्दी) से किया गया। अभियान के पहले दिन जिले भर में स्थापित पोलियो बूथों पर जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई गई।

इस अवसर पर मिशन निदेशक डॉ. संदीप तिवारी, निदेशक डॉ. शिखा जंगपांगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनु जैन, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एनएचएम) डॉ. निधि रावत, वरिष्ठ सर्जन डॉ. आर.के. टम्टा, राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कुलदीप मर्तोलिया, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से डॉ. विकास शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

जनपद देहरादून में इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के 2,34,600 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले में 1,505 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। साथ ही 1,498 टीमें गठित की गई हैं, जो बूथ दिवस के बाद घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।

अभियान के पहले दिन यानी बूथ दिवस पर 1,06,967 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई, जो कुल लक्ष्य का 45.52 प्रतिशत है। यह प्रदर्शन पिछले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान (3 मार्च 2024) के बूथ दिवस की 38.09 प्रतिशत उपलब्धि की तुलना में 7.43 प्रतिशत अधिक रहा, जो अभियान के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता और बेहतर सहभागिता को दर्शाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *