देहरादून : मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए ऋषिकेश में दो स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने आमबाग और निर्मल ब्लॉक क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माण को सील कर दिया।
प्राधिकरण के अनुसार, गली नंबर-2, आमबाग, ऋषिकेश में अंकुर द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण कराया जा रहा था। वहीं, गली नंबर-10, निर्मल ब्लॉक-बी में भवन स्वामी सुबेद द्वारा भी बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण किया जा रहा था। दोनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्माण स्थलों को सील कर दिया गया।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित और व्यवस्थित विकास सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। भवन निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है। बिना अनुमति या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जाने वाले निर्माण को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सीलिंग और ध्वस्तीकरण जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए प्रवर्तन टीमें नियमित रूप से निरीक्षण कर रही हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित स्थल की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत अवश्य कराएं, जिससे भविष्य में कानूनी अड़चनों से बचा जा सके।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



