
देहरादून, 05 जुलाई। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को गढ़ी कैंट स्थित घट्टी गोला क्षेत्र के मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर बरसात के दौरान मार्ग की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षाकाल में क्षेत्रवासियों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इसके लिए मोटर मार्ग पर सभी आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यों तथा प्रोटेक्शन नेट लगाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा बरसात के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं और मार्ग अवरुद्ध होने जैसी स्थितियों से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण सिंह रावत, मंजीत रावत, किरन, सिंचाई विभाग के एई संजीव सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

