एनसीसी कैडेटों का बढ़ाया हौसला, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन

देहरादून, 06 जुलाई। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, बीरपुर के एनसीसी कैडेटों को अपने कैंप कार्यालय में आमंत्रित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने कैडेटों से आत्मीय संवाद किया, उन्हें जलपान कराया तथा अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।

 

उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, बीरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेटों ने मंत्री गणेश जोशी को उत्कृष्ट गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया था। कैडेटों के अनुशासन, समर्पण और शानदार प्रदर्शन से प्रभावित होकर मंत्री ने उन्हें अपने कैंप कार्यालय में आमंत्रित किया।

इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने सेना में शामिल होकर राष्ट्रसेवा का संकल्प लेने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यदि एनसीसी कैडेट प्रतियोगी परीक्षाओं अथवा सेना भर्ती की तैयारी के लिए कोचिंग प्राप्त करना चाहते हैं, तो उन्हें उपनल के माध्यम से यथासंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि उन्होंने डीजी एनसीसी से दूरभाष पर वार्ता कर एनसीसी के सी-सर्टिफिकेट से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया है, ताकि कैडेटों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके। साथ ही, विद्यालय प्रबंधन से किए गए अपने वादे को निभाते हुए उन्होंने विद्यालय को घास काटने की मशीन (ग्रास कटर) भी भेंट की।

इस अवसर पर दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, संध्या थापा, एनसीसी अधिकारी अनुज चौधरी, स्पेशल एजुकेटर दीक्षा सबरवाल, भावना सबरवाल सहित विद्यालय परिवार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *