डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते रहेंगे : गणेश जोशी

देहरादून, 06 जुलाई। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित पुष्पांजलि एवं गोष्ठी कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी अपने सिद्धांतों पर सदैव अडिग रहे और शिक्षा तथा राजनीति के क्षेत्र में उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अखंड भारत की संकल्पना को सशक्त स्वर देते हुए “एक देश, एक निशान, एक विधान” का विचार प्रस्तुत किया, जो आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

मंत्री जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के “एक देश, एक निशान, एक विधान” के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार, आदर्श और राष्ट्रभक्ति की भावना आने वाली पीढ़ियों को भी देशसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।

इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रथम चरण के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की सुदृढ़ता का आधार है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के द्वितीय चरण में भी पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, निरंजन डोभाल, आर.एस. परिहार, समीर डोभाल, सुरेन्द्र राणा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *