
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) लगातार प्रभावी पहल कर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘हरित उत्तराखंड’ विजन को साकार करने के उद्देश्य से प्राधिकरण शहरभर में व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चला रहा है। इसी क्रम में सोमवार सुबह एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कार्यालय जाते समय सड़क डिवाइडरों पर चल रहे पौधरोपण एवं रखरखाव कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया तथा कर्मचारियों के साथ स्वयं पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
आकस्मिक निरीक्षण में परखी पौधरोपण अभियान की प्रगति
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने पौधरोपण की गुणवत्ता, पौधों के संरक्षण तथा रखरखाव की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने देखा कि उद्यान अनुभाग के कर्मचारी नए पौधे लगाने के साथ-साथ पूर्व में लगाए गए पौधों की निराई-गुड़ाई, सिंचाई, सफाई एवं सुरक्षा का कार्य भी पूरी जिम्मेदारी से कर रहे हैं। उन्होंने कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।

विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को मिल रही प्राथमिकता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास परियोजनाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान महत्व दे रही है। इसी सोच के अनुरूप एमडीडीए शहर के प्रमुख मार्गों, सड़क डिवाइडरों, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान संचालित कर रहा है। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के मार्गदर्शन में यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण, नियमित देखभाल और दीर्घकालिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
‘पौधरोपण भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी’
इस अवसर पर उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पौधा रोपित करते हुए कहा कि पौधरोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक पौधे की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पौधरोपण अभियान की वास्तविक सफलता तभी है, जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर विकसित हों और भविष्य में घने वृक्ष बनें।

कर्मचारियों की प्रतिबद्धता की सराहना
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने उद्यान अनुभाग के कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शहर को हरित बनाने के इस अभियान में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्मचारियों की निष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें इसी उत्साह के साथ कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया। कर्मचारियों ने भी उनके साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
एक लाख पौधों के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा एमडीडीए
एमडीडीए ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘हरित उत्तराखंड’ विजन को गति देने के लिए इस वर्ष एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत शहर के प्रमुख मार्गों, सड़क डिवाइडरों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों तथा रिक्त भूमि पर व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है। प्राधिकरण पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और नियमित रखरखाव को भी समान प्राथमिकता दे रहा है, ताकि यह अभियान दीर्घकालिक रूप से सफल हो सके।
हरियाली बढ़ेगी तो बदलेगी देहरादून की पहचान
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों और सड़क डिवाइडरों पर पौधरोपण से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि वायु प्रदूषण में कमी आएगी, तापमान संतुलित रहेगा और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि एमडीडीए का यह अभियान आने वाले वर्षों में देहरादून को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

जनसहभागिता से सफल होगा हरित देहरादून अभियान
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण पौधरोपण के साथ-साथ प्रत्येक पौधे के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उद्यान अनुभाग को नियमित सिंचाई, रखरखाव एवं निगरानी के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। यदि नागरिक भी लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल को अपनी जिम्मेदारी समझें, तो देहरादून को हरित एवं स्वच्छ राजधानी बनाने का लक्ष्य शीघ्र ही प्राप्त किया जा सकेगा।
