
देहरादून, 06 जुलाई। सेवा, सुशासन एवं समर्पण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सेवा पखवाड़े के अंतर्गत सोमवार को चकराता में बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्थानीय नागरिकों को विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिनका बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।
शिविर में कुल 91 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। इस दौरान सभी 91 लाभार्थियों की उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की गई। वहीं 57 लोगों की मुख कैंसर की स्क्रीनिंग, 2 गर्भवती महिलाओं (एएनसी) की स्वास्थ्य जांच तथा 45 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता के तहत विशेष परामर्श प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत 41 लाभार्थियों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श दिया गया, जबकि 44 लोगों की रक्त जांच की गई। शिविर में उपस्थित सभी 91 लाभार्थियों को सामान्य स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि सेवा पखवाड़े के अंतर्गत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक निःशुल्क, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोग भी बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
