
देहरादून, 07 जुलाई। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के भंडार गांव एवं बिष्ट गांव का भ्रमण कर संवेदनशील क्षेत्रों में संचालित सुरक्षात्मक एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
भंडार गांव में कैबिनेट मंत्री ने सड़क सुधारीकरण एवं पुश्ता निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी और सभी विभाग पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य सुनिश्चित करें।

इसके उपरांत मंत्री गणेश जोशी ने बिष्ट गांव में निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ सुरक्षा दीवार एवं प्रोटेक्शन नेट का निर्माण निर्धारित मानकों और समयसीमा के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों की सुरक्षा एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा कर रही है।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, लक्ष्मण सिंह रावत, अनुराग, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
