
देहरादून, 08 जुलाई। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में आगामी 16 जुलाई को मनाए जाने वाले हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्यव्यापी वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर फलदार, सगंध एवं औषधीय पौधों का रोपण सुनिश्चित किया जाए।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हरेला पर्व केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का जनआंदोलन है। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे पौधों का चयन करने को कहा जो जल स्रोतों के संरक्षण, भू-जल स्तर में सुधार, मिट्टी के कटाव की रोकथाम तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में सहायक हों।

उन्होंने उद्यान विभाग को निर्देशित किया कि वर्षाकाल के दौरान नवीन एवं उन्नत किस्मों के आम, अमरूद, लीची, अनार, नींबू, माल्टा, कटहल सहित विभिन्न फलदार पौधों का व्यापक स्तर पर रोपण कराया जाए। साथ ही पौधों के वितरण एवं रोपण से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
कृषि मंत्री ने बताया कि इस वर्ष हरेला पर्व के अवसर पर उद्यान विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में 11 लाख फलदार, सगंध एवं औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त एक लाख चाय के पौधों का भी रोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष विभाग ने हरेला अभियान के तहत 9 लाख से अधिक फलदार पौधों का सफलतापूर्वक रोपण किया था। इस बार लक्ष्य को बढ़ाते हुए व्यापक जनसहभागिता के साथ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित न रहे, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित देखरेख तथा उनकी अधिकतम जीवित रहने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि वृक्षारोपण अभियान के उद्देश्य को वास्तविक सफलता मिल सके।
बैठक के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने वर्षाकालीन हरेला पर्व एवं निःशुल्क फल पौध रोपण योजना के अंतर्गत फलदार पौधों के आवंटन से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अवगत कराया कि गत वर्ष हरेला पर्व के दौरान उद्यान विभाग ने प्रदेशभर में 9 लाख से अधिक फलदार पौधों का सफलतापूर्वक रोपण किया था।

बैठक में सचिव कृषि एस.एन. पांडेय, निदेशक उद्यान आर.के. सिंह, निदेशक कृषि दिनेश कुमार, निदेशक बागवानी मिशन महेन्द्र पाल, निदेशक कैप नृपेंद्र चौहान, मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. डी.के. तिवारी सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
