
देहरादून | 07 जुलाई, 2026 देहरादून के सुव्यवस्थित, संतुलित एवं भविष्य उन्मुख विकास के उद्देश्य से तैयार की जा रही देहरादून महायोजना-2041 के तहत मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) का जनसंवाद अभियान दूसरे दिन भी उत्साहपूर्वक जारी रहा। मंगलवार को सेक्टर-02 के लिए ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित जनसुनवाई शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, भू-स्वामियों तथा अन्य हितधारकों ने भाग लेकर महायोजना के विभिन्न प्रावधानों पर अपनी आपत्तियां एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने अपने क्षेत्र से जुड़े भू-उपयोग, सड़क एवं यातायात व्यवस्था, आवासीय एवं व्यावसायिक विकास, सार्वजनिक सुविधाओं तथा भविष्य की आधारभूत आवश्यकताओं से संबंधित विषयों पर अपने विचार अधिकारियों के समक्ष रखे। एमडीडीए की टीम ने प्रत्येक सुझाव एवं आपत्ति को गंभीरता से सुनते हुए उनका विधिवत अभिलेखीकरण किया। प्राप्त सभी प्रकरणों का नियमानुसार तकनीकी एवं विधिक परीक्षण किया जाएगा, ताकि व्यवहारिक एवं जनहितकारी सुझावों को महायोजना की प्रक्रिया में समुचित स्थान दिया जा सके।

स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार की जा रही है महायोजना
एमडीडीए का उद्देश्य देहरादून महायोजना-2041 को केवल एक औपचारिक दस्तावेज तक सीमित न रखकर उसे शहर की वास्तविक आवश्यकताओं और स्थानीय अपेक्षाओं के अनुरूप विकसित करना है। इसी दृष्टिकोण के तहत प्राधिकरण विभिन्न सेक्टरों में पहुंचकर नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर रहा है।
तेजी से बढ़ती जनसंख्या, यातायात का बढ़ता दबाव, बदलता भू-उपयोग, आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों का विस्तार तथा पर्यावरणीय चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए भविष्य की विकास योजना तैयार की जा रही है। जनसुनवाई के माध्यम से यह समझने का प्रयास किया जा रहा है कि विभिन्न क्षेत्रों के नागरिक अपने शहर और आसपास के विकास को किस दिशा में देखना चाहते हैं।
21 जुलाई तक चलेगा जनसुनवाई अभियान
एमडीडीए द्वारा 6 जुलाई से 21 जुलाई, 2026 तक प्राधिकरण क्षेत्र के सभी 12 सेक्टरों में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक सेक्टर के लिए निर्धारित स्थान पर नागरिक अपनी आपत्तियां एवं सुझाव सीधे अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।
प्राधिकरण का मानना है कि स्थानीय स्तर से प्राप्त सुझाव महायोजना को अधिक व्यावहारिक, समावेशी एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सभी प्राप्त प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बुधवार को सेक्टर-03 के लिए दून विश्वविद्यालय में आयोजित होगी जनसुनवाई
महायोजना-2041 के अंतर्गत जनसंवाद अभियान के अगले चरण में बुधवार को सेक्टर-03 के नागरिकों के लिए दून विश्वविद्यालय परिसर में जनसुनवाई शिविर आयोजित किया जाएगा। स्थानीय नागरिक, भू-स्वामी एवं अन्य हितधारक महायोजना से संबंधित अपने सुझाव एवं आपत्तियां अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। एमडीडीए ने अधिक से अधिक नागरिकों से इस जनभागीदारी अभियान में शामिल होने की अपील की है।
जनसहभागिता से तैयार होगी भविष्य की प्रभावी महायोजना : बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 राजधानी के दीर्घकालिक एवं संतुलित विकास का आधार बनने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र की अपनी विशिष्ट आवश्यकताएं एवं चुनौतियां हैं, जिन्हें समझने के लिए नागरिकों से सीधा संवाद अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों को अपनी बात रखने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। प्राप्त प्रत्येक सुझाव एवं आपत्ति का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा, ताकि विकास, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के बीच संतुलन स्थापित करते हुए एक व्यवहारिक एवं दूरदर्शी महायोजना तैयार की जा सके।

प्रत्येक सुझाव और आपत्ति का होगा निष्पक्ष परीक्षण : मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि जनसुनवाई प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है। विभिन्न सेक्टरों में शिविर आयोजित करने का उद्देश्य नागरिकों को उनके निकट अपनी बात रखने का सहज अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि प्राप्त सभी सुझावों एवं आपत्तियों का विधिवत अभिलेखीकरण कर उनका तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस जनसुनवाई अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और देहरादून के सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं टिकाऊ भविष्य के निर्माण में अपने बहुमूल्य सुझाव प्राधिकरण तक पहुंचाएं।
