देहरादून, 09 जुलाई। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को मालसी स्थित महावीर चक्र विजेता लेफ्टिनेंट जनरल आनंद सरूप (सेवानिवृत्त) के आवास पर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने पौधा भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखद जीवन की मंगलकामना की।
भेंट के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में लेफ्टिनेंट जनरल आनंद सरूप द्वारा प्रदर्शित अद्वितीय वीरता, कुशल नेतृत्व और उत्कृष्ट सैन्य रणनीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए उनका अतुलनीय योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की गाथा आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेगी।

मंत्री ने कहा कि देश के वीर सैनिकों और युद्ध नायकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है तथा उनके अनुभव और योगदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं।
उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट जनरल आनंद सरूप (सेवानिवृत्त) ने वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में पूर्वी मोर्चे पर ब्रिगेडियर के रूप में असाधारण नेतृत्व का परिचय दिया था। युद्ध के दौरान उनके अद्वितीय साहस, रणनीतिक दक्षता और वीरता के लिए उन्हें देश के द्वितीय सर्वोच्च वीरता पुरस्कार महावीर चक्र (MVC) से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर दोनों के बीच पूर्व सैनिकों के कल्याण, भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण तथा युवाओं में राष्ट्रसेवा और सैन्य मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
