राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियन जसबीर सिंह गुसाई का कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया सम्मान

देहरादून, 09 जुलाई। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से गुरुवार को हाथीबड़कला कैंट निवासी राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग खिलाड़ी जसबीर सिंह गुसाई ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मंत्री ने उन्हें 13 जून को पंजाब के लुधियाना में आयोजित 15वीं फेडरेशन कप नेशनल बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में सीनियर बॉडीबिल्डिंग के 65 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने के लिए सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी अपनी लगन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का मान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकें।

भेंट के दौरान जसबीर सिंह गुसाई ने आगामी सितंबर 2026 में बैंकॉक में आयोजित होने वाली एशिया बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किए जाने का अनुरोध किया। इस पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया तथा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *