मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए)
देहरादून | 08 जुलाई 2026
देहरादून महायोजना-2041 को अधिक सहभागी, समावेशी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा आयोजित जनसंवाद एवं जनसुनवाई अभियान तीसरे दिन भी उत्साहपूर्वक जारी रहा। बुधवार को सेक्टर-03 के नागरिकों के लिए दून यूनिवर्सिटी परिसर में जनसुनवाई शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, भू-स्वामियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा अन्य हितधारकों ने सहभागिता कर महायोजना से संबंधित अपने सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज कराईं।
जनसुनवाई शिविर में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नागरिकों ने व्यक्तिगत एवं सामूहिक रूप से महायोजना-2041 के विभिन्न प्रावधानों पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान भू-उपयोग, सड़क नेटवर्क, यातायात प्रबंधन, हरित क्षेत्रों का संरक्षण, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार, आवासीय एवं व्यावसायिक विकास तथा क्षेत्रीय नियोजन से जुड़े विभिन्न विषय प्रमुख रूप से उठाए गए।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने सभी सुझावों एवं आपत्तियों को गंभीरता से सुना और उनका विधिवत अभिलेखीकरण किया। एमडीडीए के अनुसार प्राप्त सभी प्रकरणों का तकनीकी एवं विधिक परीक्षण किया जाएगा, ताकि व्यवहारिक एवं जनहित से जुड़े सुझावों को महायोजना-2041 में उचित स्थान दिया जा सके।

जनभागीदारी से तैयार होगी भविष्य के देहरादून की विकास रूपरेखा
एमडीडीए का मानना है कि देहरादून महायोजना-2041 केवल एक नियोजन दस्तावेज नहीं, बल्कि राजधानी के आगामी विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण विज़न डॉक्यूमेंट है। इसी सोच के साथ प्राधिकरण विभिन्न सेक्टरों में जाकर नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर रहा है, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को योजना का अभिन्न हिस्सा बनाया जा सके।
21 जुलाई तक जारी रहेगा जनसुनवाई अभियान
प्राधिकरण द्वारा 6 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक क्षेत्र के सभी 12 सेक्टरों में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नागरिक निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर अपनी आपत्तियां एवं सुझाव दर्ज करा सकते हैं। एमडीडीए का विश्वास है कि आमजन की सक्रिय भागीदारी महायोजना को अधिक प्रभावी, संतुलित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
आज सेक्टर-04 के लिए नगर निगम टाउन हॉल में होगा जनसुनवाई शिविर
महायोजना-2041 के तहत जनसंवाद अभियान के अगले चरण में गुरुवार को सेक्टर-04 के नागरिकों के लिए नगर निगम टाउन हॉल में जनसुनवाई शिविर आयोजित किया जाएगा। स्थानीय नागरिक, भू-स्वामी एवं अन्य हितधारक शिविर में उपस्थित होकर महायोजना से संबंधित अपने सुझाव एवं आपत्तियां अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। एमडीडीए ने अधिक से अधिक लोगों से जनसुनवाई अभियान में सहभागिता करने की अपील की है।
जनता की सहभागिता से और सशक्त बनेगी महायोजना : बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 के लिए आयोजित जनसंवाद अभियान का उद्देश्य नागरिकों को विकास की निर्णय प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाना है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र की अपनी विशिष्ट आवश्यकताएं हैं, जिन्हें समझने का सबसे प्रभावी माध्यम प्रत्यक्ष संवाद है। नागरिकों से प्राप्त सुझाव महायोजना को अधिक व्यावहारिक, समावेशी एवं जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। हमारा लक्ष्य विकास, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के बीच संतुलन स्थापित करते हुए देहरादून के लिए एक टिकाऊ एवं दूरदर्शी विकास मॉडल तैयार करना है।
हर सुझाव और आपत्ति का होगा गंभीर परीक्षण : मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि जनसुनवाई प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है। प्राप्त प्रत्येक सुझाव एवं आपत्ति का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार कर विशेषज्ञों के माध्यम से उसका तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में जनसुनवाई शिविरों में भाग लेने और देहरादून के सुनियोजित एवं सतत विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
