देहरादून, 09 जुलाई। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ गढ़ी कैंट स्थित घट्टी गोला क्षेत्र में बीजापुर डैम के निकट संपर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर मानसून के मद्देनज़र व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि वर्षाकाल में स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह सुनिश्चित किया जाए कि बरसात के दौरान आवागमन किसी भी प्रकार से बाधित न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसाती नदी की ओर सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) का निर्माण तत्काल प्रारंभ कराया जाए। साथ ही मोटर मार्ग को वर्षा के कारण होने वाले मिट्टी के कटाव से सुरक्षित रखने के लिए शीघ्र प्रोटेक्शन नेट अथवा ब्रेस्ट वॉल का निर्माण कराया जाए ।
उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षात्मक एवं बचाव संबंधी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को न्यूनतम किया जा सके। मंत्री ने अधिकारियों को क्षेत्र की नियमित निगरानी बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्र, सिंचाई विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह रावत, जगदीश रेगमी, मंडल महामंत्री किरण, ग्राम प्रधान भारती जवाड़ी, केदार जोशी, नीटू सिंह, समुंदर सिंह, सपना मल्ल सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
