कैंट विधानसभा में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, 253 लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

देहरादून, 10 जुलाई 2026

‘सेवा, सुशासन, जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत आज कैंट विधानसभा क्षेत्र के चौधरी फार्म (जीएमएस रोड) में एक विशाल बहुउद्देशीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक श्रीमती सविता कपूर की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल मुख्य अतिथि तथा महापौर श्री सौरभ थपलियाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शिविर का उद्देश्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना था। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पार्षद, मंडल अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख, सिटी मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। शिविर में जनसंवाद के साथ नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को सरकारी योजनाओं एवं जनहित विषयों के प्रति जागरूक किया गया।

 

शिविर में 22 सरकारी विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं प्रदान की गईं। स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर देते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीमद्वार, आरबीएसके टीम, जिला क्षय रोग विभाग तथा ग्राफिक एरा के चिकित्सकों ने संयुक्त रूप से 253 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया। इनमें 179 पुरुष तथा 74 महिलाएं शामिल रहीं।

इसके अतिरिक्त 17 लोगों की रक्त जांच की गई, जबकि 50 लाभार्थियों की आभा (ABHA) आईडी बनाई गई। क्षय रोग से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष रूप से एक्स-रे जांच एवं आभा आईडी पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शिविर के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना एवं श्री राकेश बिष्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *