पांचवें दिन महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित जनसुनवाई में सेक्टर-05 के नागरिकों ने दिए विकास संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए)

देहरादून, 10 जुलाई 2026

देहरादून महायोजना-2041 आने वाले देहरादून का विजन डॉक्यूमेंट है” — बंशीधर तिवारी

राजधानी देहरादून के सुनियोजित, संतुलित एवं भविष्य उन्मुख विकास के लिए तैयार की जा रही देहरादून महायोजना-2041 को जनसहभागिता के आधार पर अंतिम स्वरूप देने हेतु मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) का जनसंवाद अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। अभियान के पांचवें दिन महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित जनसुनवाई शिविर में सेक्टर-05 के नागरिकों, भू-स्वामियों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराईं।

जनसुनवाई के दौरान प्रतिभागियों ने भू-उपयोग, सड़क नेटवर्क, यातायात प्रबंधन, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, सार्वजनिक सुविधाओं, आवासीय एवं व्यावसायिक विकास सहित क्षेत्र से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। एमडीडीए अधिकारियों ने सभी सुझावों एवं आपत्तियों को गंभीरता से सुनते हुए उनका विधिवत अभिलेखीकरण किया।

शिविर में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि महायोजना-2041 केवल भूमि उपयोग का दस्तावेज नहीं, बल्कि अगले डेढ़ दशक के लिए देहरादून के समग्र विकास, पर्यावरण संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं और शहरी विस्तार की व्यापक कार्ययोजना है। इसी उद्देश्य से योजना निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

 

स्थानीय आवश्यकताओं को मिलेगा प्राथमिकता से स्थान

एमडीडीए का मानना है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र की अपनी अलग चुनौतियां और विकास संबंधी आवश्यकताएं हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर प्राप्त सुझाव महायोजना को अधिक व्यावहारिक, संतुलित एवं भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी सुझावों एवं आपत्तियों का तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उन्हें महायोजना में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

21 जुलाई तक चलेगा जनसंवाद अभियान

एमडीडीए द्वारा 6 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक देहरादून के सभी 12 सेक्टरों में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नागरिक निर्धारित स्थलों पर पहुंचकर अपनी आपत्तियां एवं सुझाव दर्ज करा सकते हैं। प्राधिकरण का उद्देश्य ऐसी महायोजना तैयार करना है, जो विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करते हुए भविष्य की आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखे।

 

सोमवार को सेक्टर-06 के लिए आयोजित होगा जनसुनवाई शिविर

जनसंवाद अभियान के अगले चरण में सोमवार को लक्सूरिया फार्म, किसनपुर में सेक्टर-06 के नागरिकों के लिए जनसुनवाई शिविर आयोजित किया जाएगा। एमडीडीए ने स्थानीय नागरिकों, भू-स्वामियों एवं अन्य हितधारकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अपील की है।

जनता की सहभागिता से और प्रभावी बनेगी महायोजना — बंशीधर तिवारी

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 को लेकर संचालित जनसंवाद अभियान नागरिकों को विकास की निर्णय प्रक्रिया से सीधे जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त सुझाव महायोजना को अधिक समावेशी, व्यावहारिक और जनहितकारी बनाएंगे। प्राधिकरण का लक्ष्य विकास, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के बीच संतुलन स्थापित करते हुए देहरादून के लिए एक टिकाऊ एवं दूरदर्शी विकास मॉडल तैयार करना है।

हर सुझाव और आपत्ति का होगा गंभीर परीक्षण — मोहन सिंह बर्निया

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि जनसुनवाई प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है। प्राप्त प्रत्येक सुझाव एवं आपत्ति का व्यवस्थित अभिलेखीकरण कर विशेषज्ञों द्वारा उसका तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनसुनवाई शिविरों में सक्रिय भागीदारी कर देहरादून के सुनियोजित, समावेशी एवं सतत विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *