कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कंडोली में आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र का किया लोकार्पण, जन-जन तक आयुर्वेद पहुंचाने पर दिया बल

देहरादून, 13 जुलाई। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, कंडोली में स्थापित नव विकसित आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र का फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने सामुदायिक भवन में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर का भी शुभारंभ किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन एवं समृद्ध चिकित्सा परंपरा है, जिसने सदियों से स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुर्वेद और भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार भी आयुष सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक उपचार, विशेषज्ञ परामर्श तथा आवश्यक औषधियां स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। इससे स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देगा तथा लोगों का आयुर्वेद के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ करेगा।

कैबिनेट मंत्री ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे सेवा भाव और संवेदनशीलता के साथ मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही सर्वोच्च सेवा है और प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, निरंजन डोभाल, अरविंद डोभाल, आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी सविता कोटियाल, हिमानी डंगवाल, विभागीय अधिकारी, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *