अवैध निर्माण पर एमडीडीए की सख्त कार्रवाई

 

ऋषिकेश-डोईवाला में तीन भवन सील, स्वीकृत मानचित्र से विचलन और बिना अनुमति निर्माण पर शिकंजा

देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अनधिकृत एवं नियमविरुद्ध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को एमडीडीए की टीम ने ऋषिकेश और डोईवाला क्षेत्र में तीन अलग-अलग मामलों में सीलिंग की कार्रवाई की। इनमें दो मामलों में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण किया जा रहा था, जबकि एक मामले में बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण कराया जा रहा था।

एमडीडीए की इस कार्रवाई से निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है। प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्माण संबंधी नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान स्वीकृत मानचित्र से विचलन अथवा बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण पाए जाने पर उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम, 1973 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

 

ऋषिकेश में दो भवन सील

ऋषिकेश के गली नंबर-10, मनीराम रोड में जयप्रकाश द्वारा स्वीकृत मानचित्र से विचलन करते हुए निर्माण कराया जा रहा था। जांच में अनधिकृत निर्माण पाए जाने के बाद एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित भवन को सील कर दिया।

इसी प्रकार निर्मल ब्लॉक-बी, ऋषिकेश निवासी ओम प्रकाश पना के भवन में भी स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण पाया गया। प्राधिकरण के अनुसार, पूर्व निर्मित बेसमेंट/भूतल पर संचालित दुकानों के ऊपर प्रथम तल पर स्वीकृति के विपरीत निर्माण किया गया था। मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित निर्माण को सील कर दिया गया।

 

डोईवाला में बिना नक्शा स्वीकृति के निर्माण पर कार्रवाई

डोईवाला के दुधली रोड, चांदमारी निवासी अनिल पॉचाल विश्वकर्मा द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भूतल और प्रथम तल पर निर्माण कराया जा रहा था। जांच के दौरान निर्माण को अनधिकृत पाए जाने पर प्राधिकरण की ओर से वाद योजित किया गया। इसके बाद सोमवार को एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार निर्माण को सील कर दिया।

नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा : बंशीधर तिवारी

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अनधिकृत निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्वीकृत मानचित्र से विचलन अथवा बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण करना नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की टीमें लगातार निर्माण कार्यों की निगरानी कर रही हैं। जहां भी अनियमितता सामने आ रही है, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य देहरादून, ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों का सुनियोजित एवं व्यवस्थित विकास सुनिश्चित करना है।

उन्होंने भवन स्वामियों और निर्माणकर्ताओं से अपील की कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण कराएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीलिंग सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा : मोहन सिंह बर्निया

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भवन स्वामियों से अपील की कि निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण कराएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। निर्माण नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सीलिंग सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *