सेवा पखवाड़ा में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश

देहरादून :  प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय से वर्चुअल माध्यम के जरिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रतिभाग किया। बैठक में आगामी 17 सितम्बर से आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा, तैयारियों और आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभिन्न राज्यों के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रियों से सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रमों को लेकर सुझाव भी लिए।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा पखवाड़ा के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यक्रमों में व्यापक जनसहभागिता बढ़ाने के साथ ही सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

गणेश जोशी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि पात्र लोगों को इन योजनाओं से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस दौरान योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

कृषि मंत्री ने बताया कि 17 सितम्बर को शाम 7 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तराखंड के करीब 10 लाख किसान अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी इस पहल में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने और अपने घरों में आशीर्वाद का दीप प्रज्ज्वलित करने का आह्वान किया।

बैठक में निदेशक कृषि दिनेश कुमार एवं निदेशक उद्यान आर.के. सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *