उत्तराखंड की राज्यसभा सीट पर 16 अक्तूबर को चुनाव, 29 सितंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया


उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए चुनाव का कार्यक्रम घोषित हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव होंगे। मतदान 16 अक्तूबर को कराया जाएगा। उत्तराखंड की सीट वर्तमान में भाजपा सांसद नरेश बंसल के पास है, जिनका कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को पूरा होगा।
29 सितंबर से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। इसी दिन से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 6 अक्तूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्तूबर को होगी, जबकि 9 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
16 अक्तूबर को मतदान, शाम पांच बजे मतगणना
चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 16 अक्तूबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। चुनाव की पूरी प्रक्रिया 19 अक्तूबर तक पूरी की जानी है।
यूपी की 10 सीटों पर भी होगा चुनाव
उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए भी द्विवार्षिक चुनाव होंगे। वहीं पश्चिम बंगाल की एक रिक्त राज्यसभा सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। यह सीट तृणमूल कांग्रेस की सांसद रुक्मिणी मलिक के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। इस तरह 16 अक्तूबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की कुल 12 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान होगा।
उत्तराखंड में राज्यसभा की तीन सीटें हैं। नरेश बंसल का कार्यकाल पूरा होने के बाद खाली होने वाली एक सीट के लिए अब चुनावी प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी।



Source link

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *