विधायक निधि से मसूरी क्षेत्र में ₹27.63 लाख के विकास कार्य स्वीकृत

देहरादून : कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विधायक निधि से मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और ग्राम पंचायतों में करीब ₹27.63 लाख की लागत के विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है।


मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि स्वीकृत कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को सड़क, नाली, सुरक्षा, सिंचाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की स्थानीय जरूरतों और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
स्वीकृत कार्यों में राजकीय इंटर कॉलेज किशनपुर में खेल सामग्री एवं संबंधित कार्य के लिए ₹4.58 लाख, गढ़ी कैंट वार्ड नंबर 08 में मन बहादुर क्षेत्री के घर के निकट तटबंध एवं सुरक्षात्मक कार्य के लिए ₹7.69 लाख, ग्राम पंचायत घंघोड़ा के जैतनवाला नई बस्ती में नाली निर्माण के लिए ₹2.84 लाख तथा जैतनवाला में बाढ़ नियंत्रण तटबंध/सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए ₹3.46 लाख शामिल हैं।
इसके अलावा ग्राम पंचायत भिरतली के मजरा टिबरी में तटबंध/सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए ₹2.66 लाख, वार्ड नंबर 05 धोरणखास के राजेश्वर नगर फेस-1 में सामुदायिक भवन की छत पर टिन शेड निर्माण के लिए ₹6 लाख तथा वार्ड नंबर 04 राजपुर के काठबंगला भाग-2 स्थित सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कार्य के लिए ₹40 हजार स्वीकृत किए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को आगे भी प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जाएगी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *