इगास के रंग में रंगे सूचना महानिदेशक व उपाध्यक्ष MDDA बंशीधर तिवारी, पहाड़ी गीतों पर जमकर थिरके

देहरादून : उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत की झलक देहरादून में आयोजित इगास बग्वाल के विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में देखने को मिली। इस दौरान सूचना महानिदेशक एवं MDDA के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी पूरी तरह पहाड़ी रंग में नजर आए। पारंपरिक लोकगीतों की धुन पर उन्होंने जमकर नृत्य किया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया।

बंजारावाला स्थित गंगोत्री विहार में आयोजित इस कार्यक्रम में जैसे ही पहाड़ी लोकगीतों की धुन गूंजनी शुरू हुई, माहौल उत्सव के रंग में रंग गया। बंशीधर तिवारी भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। इस दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी उनके साथ पहाड़ी गीतों पर कदमताल की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बंशीधर तिवारी ने कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में उत्तराखंड के लोग भले ही देश-दुनिया के विभिन्न हिस्सों में बस गए हों, लेकिन अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इगास जैसे पारंपरिक लोकपर्व हमारी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं।

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजन न केवल हमारी लोक परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और सामाजिक सौहार्द व आपसी मेलजोल को बढ़ावा देने का भी माध्यम बनते हैं।

कार्यक्रम में बंशीधर तिवारी की सहज सहभागिता और पहाड़ी गीतों पर उनका उत्साह देखते ही बना। उनके इस अंदाज ने यह संदेश दिया कि लोक संस्कृति का संरक्षण केवल परंपराओं को याद करने से नहीं, बल्कि उन्हें पूरे उत्साह और गर्व के साथ अपने जीवन में अपनाने से संभव है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *