विकासनगर : सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को तहसील विकासनगर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने किया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सरदार जसविंदर सिंह भी मौजूद रहे।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामान्य स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, एनसीडी व कैंसर स्क्रीनिंग, टीबी जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा और उप जिला चिकित्सालय विकासनगर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रताप सिंह ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

शिविर में कुल 223 लोगों की उपस्थिति दर्ज हुई। 178 लोगों की हाईपरटेंशन, 128 की डायबिटीज और 131 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा सर्वाइकल, ब्रेस्ट और ओरल कैंसर की भी स्क्रीनिंग की गई। चार किशोरियों को HPV टीकाकरण, दो आयुष्मान कार्ड, पांच ABHA ID और छह दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी किए गए। 51 लोगों की एक्स-रे तथा 52 रक्त संबंधी जांचें भी की गईं।
नेत्र रोग, फिजीशियन, ईएनटी और अस्थि रोग विशेषज्ञों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी सेवाएं दीं। शिविर में RBSK, RKSK, ANM, CHO, आयुष्मान और टीबी टीम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं आशा कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।


