विकसित भारत 2047’ पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रचनात्मक विचार

देहरादून। समाज कल्याण मंत्री एवं भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश संयोजक और ‘सपनों का भारत 2047’ अभियान के संयोजक खजानदास ने सीएनआई इंटर कॉलेज, देहरादून में आयोजित विभिन्न सेवा एवं रचनात्मक गतिविधियों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने भाषण, चित्रकला, पेंटिंग प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का अवलोकन कर विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए।

खजानदास ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में देश के भविष्य को लेकर सोच विकसित करने का माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि ‘सपनों का भारत 2047’ अभियान का उद्देश्य युवाओं में वर्ष 2047 तक भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की सोच को मजबूत करना है। अभियान के तहत विद्यार्थियों को चित्रकला और भाषण के माध्यम से विकसित भारत 2047 पर अपने विचार रखने का अवसर दिया जा रहा है। वहीं, रंगोली और नुक्कड़ नाटक के जरिए महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न सामाजिक विषयों को भी रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया जा रहा है।

खजानदास ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य में आत्मनिर्भरता के साथ सेमीकंडक्टर निर्माण, रक्षा उत्पादन, हरित ऊर्जा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों पर जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा आधुनिक हाईवे, मजबूत रेलवे नेटवर्क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और समान अवसरों पर भी ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में सीएनआई स्कूल की प्रधानाचार्य रीबिका, नगर निगम पार्षद अशोक डोबरियाल, नैन सिंह पंवार सहित विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *