
देहरादून : विश्व वृद्धजन दिवस के अवसर पर ऑल्ट्रस हेल्थ केयर हॉस्पिटल, 19 न्यू रोड, देहरादून द्वारा केंद्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान एवं बेहतर जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को बढ़ती उम्र में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली तथा बीमारियों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने चिकित्सकों से अपने स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न प्रश्न भी पूछे। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उनके प्रश्नों का विस्तारपूर्वक एवं सरल भाषा में उत्तर देते हुए स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव प्रदान किए।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान रहा। अस्पताल प्रबंधन द्वारा 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को उनके जीवन अनुभव तथा परिवार एवं समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले वरिष्ठ नागरिकों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली।
इस अवसर पर ऑल्ट्रस हेल्थ केयर हॉस्पिटल के को-फाउंडर श्री विमल किशोर जी, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राहुल वार्ष्णेय, विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक एवं अस्पताल के स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन मूल्यों से आने वाली पीढ़ियों को सीख मिलती है। उनके स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके सम्मान और सामाजिक सहभागिता को भी प्राथमिकता देना आवश्यक है।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बढ़ती उम्र में नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, शारीरिक सक्रियता, सकारात्मक सोच और परिवार का सहयोग वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन जीने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अस्पताल प्रबंधन ने केंद्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन, सभी वरिष्ठ नागरिकों, चिकित्सकों एवं अस्पताल के स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया।


