युवाओं में सेवा, संवेदना और आत्मनिर्भर भारत की भावना विकसित करना जरूरी: खजान दास

सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में अरविन्द मेनन और खजान दास ने किया प्रतिभाग

देहरादून : सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत दून इंटरनेशनल स्कूल, डालनवाला में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड प्रदेश सहप्रभारी अरविन्द मेनन और समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार रंगोली, लेखन प्रतियोगिता और चित्रकला प्रदर्शनी का निरीक्षण किया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
अरविन्द मेनन ने विद्यालय में आयोजित रचनात्मक गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छात्र-छात्राओं द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा करते हुए विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से महापुरुषों के उच्च आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य युवाओं में वर्ष 2047 तक भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की सोच को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर, वंचित, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, महिलाओं, बच्चों तथा आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए सभी को संकल्पित होकर कार्य करना चाहिए और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि युवा देश के भविष्य और कर्णधार हैं। आने वाले समय में देश की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी। इसलिए विद्यार्थियों को अभी से अपने भीतर अनुशासन, संवेदना, सेवा और सहयोग की भावना विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ये गुण जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने में भी सहायक होंगे।


कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुन्दन परिहार, आवास सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष श्याम अग्रवाल, भाजपा प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, पार्षद सुनीता मजखोला, मंडल अध्यक्ष पूनम शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश बर्थवाल, पूर्व पार्षद राकेश मंजखोला सहित विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *