नियमित जांच और एचपीवी टीकाकरण से सर्विकल कैंसर के खतरे को किया जा सकता है कम : सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा

 

विश्व गर्भाशय कैंसर उन्मूलन दिवस पर सीएमओ कार्यालय में आयोजित हुई जागरूकता कार्यशाला

देहरादून : विश्व गर्भाशय कैंसर उन्मूलन दिवस के अवसर पर बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में सीएमओ कार्यालय की महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ राज्य नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि समय पर जांच, उचित उपचार और एचपीवी टीकाकरण के माध्यम से सर्विकल कैंसर से बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार की आधारशिला होती हैं। उनका स्वस्थ रहना पूरे परिवार के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है। उन्होंने महिलाओं एवं किशोरियों से इस बीमारी के लक्षणों, बचाव और टीकाकरण से जुड़ी जानकारी अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने की अपील की।

इस दौरान CAPED संस्था की डॉ. सना परवीन ने सर्विकल कैंसर के कारणों, पहचान, स्क्रीनिंग और एचपीवी टीकाकरण पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सर्विकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से यानी बच्चेदानी के मुंह में होने वाला कैंसर है। इसके अधिकांश मामले ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) के संक्रमण से जुड़े होते हैं। यह संक्रमण मुख्य रूप से यौन संपर्क के माध्यम से फैलता है।

कार्यशाला में बताया गया कि 9 से 14 वर्ष की किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण और निर्धारित आयु वर्ग में नियमित स्क्रीनिंग इस बीमारी से बचाव के प्रभावी उपाय हैं। 30 से 65 वर्ष की महिलाओं को नियमित जांच करवाने की सलाह दी गई। यह भी बताया गया कि सरकारी चिकित्सालयों में सर्विकल कैंसर की स्क्रीनिंग निशुल्क उपलब्ध है।

विशेषज्ञों के अनुसार, बीमारी की बढ़ी हुई अवस्था में मासिक धर्म के अलावा रक्तस्राव होना, असामान्य या दुर्गंधयुक्त योनि स्राव, शारीरिक संबंध बनाने के बाद रक्तस्राव तथा निचले पेट में दर्द जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण नजर आने पर चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है।

कार्यशाला में पीसीपीएनडीटी समन्वयक ममता बहुगुणा, एनसीडी सलाहकार अर्चना उनियाल, रेखा उनियाल, मुक्ता मल्होत्रा सहित 40 से अधिक महिलाएं एवं किशोरियां मौजूद रहीं।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *