नैनीताल में जन्म को लेकर बोले अनूप जलोटा- मैं भी उत्तराखंड का हूं, लॉन्चिंग से पहले शो ‘कर्मों का फल’ की हुई शूटिंग
देहरादून : भक्ति, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति को डिजिटल माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देहरादून में भक्तिद्वार टेलीविजन OTT प्लेटफॉर्म का भव्य शुभारंभ किया गया। समारोह में पद्मश्री एवं प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा मुख्य आकर्षण रहे। उन्होंने अपनी लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में प्रदेश की कई प्रतिष्ठित हस्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों ने शिरकत की।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान अनूप जलोटा ने ‘ऐसी लागी लगन’, ‘राम आएंगे’ और ‘गोविंद जय जय’ जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। उत्तराखंड से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनका जन्म नैनीताल में हुआ है, इसलिए वह भी उत्तराखंड के ही हैं। उनकी इस बात पर उपस्थित लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
OTT प्लेटफॉर्म की लॉन्चिंग से पहले अनूप जलोटा ने देहरादून में इसके आगामी शो ‘कर्मों का फल’ की शूटिंग भी की। शो के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि व्यक्ति को अपने प्रत्येक कर्म का परिणाम अवश्य मिलता है। दिन में हुई शूटिंग के बाद शाम को आयोजित समारोह में प्लेटफॉर्म को औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया।

भक्तिद्वार टेलीविजन OTT के संस्थापक एवं संचालक दिनेश असोपा ने अपने संबोधन में इस पहल के उद्देश्य और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस डिजिटल मंच पर भजन, धार्मिक कार्यक्रमों, आध्यात्मिक प्रस्तुतियों और सनातन संस्कृति से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। अधिक से अधिक लोगों तक इसकी पहुंच बनाने के लिए ऐप का मासिक सब्सक्रिप्शन शुल्क महज 11 रुपये रखा गया है। उन्होंने लोगों से ऐप डाउनलोड करने और इस पहल से जुड़कर भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं को प्रोत्साहित करने की अपील की।
कार्यक्रम में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सिंह सोनी, संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) और राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद के उपाध्यक्ष विनोद उनियाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सामाजिक कार्यकर्ता साधना शर्मा ने भी समारोह में भागीदारी की।

इस अवसर पर दिनेश असोपा की पत्नी रीना असोपा, बेटी निकिता असोपा, अभिनेत्री जया पांडे, भक्तिद्वार की क्रिएटिव हेड भावना शर्मा और निर्देशक जयदेव चक्रवर्ती भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया।
टेलीविजन और फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में करीब 30 वर्षों का अनुभव रखने वाले निर्देशक जयदेव चक्रवर्ती ने आयोजन में शामिल सभी अतिथियों, सहयोगियों और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले लोगों का आभार जताया।
भक्तिद्वार टेलीविजन OTT की शुरुआत को डिजिटल माध्यम से भक्ति, अध्यात्म और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक नई पहल के रूप में देखा जा रहा है। समारोह में अनूप जलोटा की प्रस्तुतियों और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।



