ऑटो रिजेक्ट व डुप्लीकेट पत्रावलियों की समस्या का होगा समाधान, समय-सीमा से पहले अधिकारियों को मिलेगा अलर्ट

 

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण

देहरादून, 19 जुलाई 2026

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) में ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। ऑनलाइन मानचित्र पत्रावलियों के निस्तारण, तकनीकी खामियों, डिजिटल डाटा सुरक्षा और वित्तीय मॉड्यूल की समीक्षा को लेकर आयोजित बैठक में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों को तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से किसी भी आवेदक को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा लंबित पत्रावलियों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

399 पत्रावलियों को दोबारा प्रस्तुत कराने के निर्देश

 

बैठक में जानकारी दी गई कि ऑनलाइन मानचित्र से संबंधित 399 पत्रावलियां निर्धारित समय-सीमा पूरी होने के बाद सिस्टम में उत्पन्न तकनीकी त्रुटि के चलते स्वतः Auto Reject अथवा Deemed Approved हो गई थीं। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि इन सभी प्रकरणों को वर्तमान स्थिति में निरस्त करते हुए संबंधित आवेदकों से पत्रावलियां दोबारा Resubmit कराई जाएं।

इसके बाद प्रत्येक प्रकरण पर नियमानुसार ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी खामियों का असर आवेदकों पर नहीं पड़ना चाहिए और पूरी प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।

 

डुप्लीकेट पत्रावलियों की समस्या का होगा स्थायी समाधान

बैठक में एक ही आवेदन के आधार पर दो या अधिक Duplicate Files स्वतः तैयार होने की समस्या पर भी चर्चा की गई। उपाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को तकनीकी खामी की जांच कर प्रभावित पत्रावलियों को शीघ्र Rectify करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सिस्टम में आवश्यक तकनीकी सुधार किए जाएं, ताकि भविष्य में एक ही आवेदन के आधार पर डुप्लीकेट पत्रावली स्वतः जनरेट न हो।

समय-सीमा पूरी होने से पहले मिलेगा अलर्ट

मानचित्र पत्रावलियों के समयबद्ध निस्तारण के लिए ऑनलाइन प्रणाली में Pop-up, Notification और Alert जैसी सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके माध्यम से संबंधित अधिकारी और कर्मचारी को समय-सीमा समाप्त होने से पहले लंबित पत्रावलियों की जानकारी मिल सकेगी।

इस व्यवस्था से अधिकारियों को समय रहते कार्रवाई करने का अवसर मिलेगा और पत्रावलियों के स्वतः Auto Reject अथवा Deemed Approved होने की स्थिति को प्रभावी ढंग से रोका जा सकेगा।

एमडीडीए के डिजिटल डाटा के लिए Dedicated Server

बैठक में प्राधिकरण के डिजिटल डाटा की सुरक्षा को भी विशेष महत्व दिया गया। उपाध्यक्ष ने एमडीडीए के महत्वपूर्ण डाटा को साइबर हमलों और अन्य तकनीकी जोखिमों से सुरक्षित रखने के लिए Dedicated Server विकसित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सुरक्षित और प्रभावी बैकअप व्यवस्था तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

प्राधिकरण में AI आधारित एप्लिकेशन/सिस्टम विकसित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रस्तावित सिस्टम में एमडीडीए से संबंधित आवश्यक डाटा और अभिलेख एकीकृत रूप से उपलब्ध होंगे। इससे एक ही सर्च के माध्यम से संबंधित जानकारी तेजी से प्राप्त की जा सकेगी, जिससे अधिकारियों के कार्यों में गति आएगी और रिकॉर्ड प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा।

वित्तीय प्रविष्टियों का प्रतिदिन होगा Reconciliation

बैठक में एमडीडीए के Finance Module की भी समीक्षा की गई। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन की सभी वित्तीय प्रविष्टियों और संबंधित पत्रावलियों का Reconciliation उसी दिन अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। किसी भी वित्तीय प्रकरण को अगले दिन तक लंबित नहीं रखा जाए।

इसके अलावा प्राधिकरण की लंबित Balance Sheets को प्राथमिकता के आधार पर तैयार एवं अपडेट करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ वित्तीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना भी आवश्यक है।

 

व्यवस्था को पारदर्शी और समयबद्ध बनाना प्राथमिकता — बंशीधर तिवारी

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि एमडीडीए में ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। तकनीकी खामी के कारण किसी भी आवेदक को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि 399 प्रभावित पत्रावलियों को नियमानुसार दोबारा प्रस्तुत कराने के निर्देश दिए गए हैं। डुप्लीकेट फाइलों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा तथा अधिकारियों को समय-सीमा से पहले अलर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। साथ ही डिजिटल डाटा की सुरक्षा के लिए Dedicated Server और AI आधारित सिस्टम तैयार करने पर भी कार्य किया जाएगा।

समयबद्ध निस्तारण पर विशेष फोकस — मोहन सिंह बर्निया

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि ऑनलाइन मानचित्र प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए तकनीकी कमियों को चिन्हित कर उनका समाधान किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पत्रावलियों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने के साथ-साथ डाटा सुरक्षा, वित्तीय पारदर्शिता और कार्यप्रणाली में जवाबदेही बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *