15 दिन में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने को कहा

देहरादून : प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने मंगलवार को विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में लम्बित एवं गतिमान विकास कार्यों को लेकर संयुक्त विभागीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
मंत्री ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई, फॉगिंग और कूड़ा उठान की स्थिति पर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नगर निगम के कार्यों में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है और सफाई के लिए बार-बार निर्देश देने पड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए।


लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए खजान दास ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र निविदाएं आमंत्रित कर सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने को कहा।


बैठक में यूपीसीएल के अधिकारियों से विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की प्रगति की जानकारी ली गई। मंत्री ने सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा चौराहों के सौंदर्यीकरण, मॉडल कॉलोनी, सीवर लाइन, हरिद्वार रोड पर फुटओवर ब्रिज, पेयजल, परेड ग्राउंड और पलटन बाजार से जुड़े लंबित कार्यों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
बैठक में शामिल नहीं होने पर स्मार्ट सिटी और पेयजल निगम के अधिकारियों के प्रति भी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी।
खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विकास की शुरुआत अपने घर, आसपास के क्षेत्र, शहर और राज्य से करनी होगी।
बैठक में नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डे समेत नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और जल संस्थान के अधिकारी उपस्थित रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *