महिलाओं के स्वास्थ्य और निवारक चिकित्सा पर एमएस गैलेक्सी हॉस्पिटल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

देहरादून : महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को एमएस गैलेक्सी मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में ‘विमेंस वेलनेस एंड प्रिवेंटिव हेल्थकेयर मीट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एमएस गैलेक्सी मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, फिक्की फ्लो उत्तराखंड और कैन प्रोटेक्ट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. महेश कुड़ियाल, डॉ. सुमिता प्रभाकर, तृप्ति बहल और शालिनी कुड़ियाल सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में महिलाओं में होने वाले कैंसर की रोकथाम और शुरुआती पहचान, संतुलित आहार में प्रोटीन की आवश्यकता तथा बढ़ती उम्र के साथ मांसपेशियों को स्वस्थ रखने जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे।

एमएस गैलेक्सी मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल की निदेशक एवं कैन प्रोटेक्ट फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. सुमिता प्रभाकर ने महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य और कैंसर जागरूकता पर प्रकाश डालते हुए स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की नियमित जांच और समय रहते बीमारी की पहचान को बेहद जरूरी बताया। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे शरीर में दिखाई देने वाले असामान्य लक्षणों को नजरअंदाज न करें और नियमित स्वास्थ्य जांच को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।

वहीं, हॉस्पिटल की क्लिनिकल डाइटिशियन पूजा सिंह ने दैनिक आहार में प्रोटीन के महत्व और इसके बेहतर खाद्य स्रोतों की जानकारी दी। डॉ. रेखा खन्ना ने 40 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं में मांसपेशियों की मजबूती बनाए रखने, शारीरिक सक्रियता और नियमित व्यायाम की आवश्यकता पर चर्चा की।

इस अवसर पर प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन और बोन डेंसिटी जांच के साथ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इसके माध्यम से महिलाओं को अपनी स्वास्थ्य स्थिति समझने और आवश्यकतानुसार विशेषज्ञों से सलाह लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. महेश कुड़ियाल ने कहा कि महिला का स्वास्थ्य केवल उसके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के स्वास्थ्य से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते अक्सर महिलाएं अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देती हैं। ऐसे में उन्हें नियमित जांच, बेहतर पोषण और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।

कार्यक्रम में महिलाओं ने स्वास्थ्य संकल्प भी लिया। इसके तहत उन्होंने स्वयं अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने, नियमित जांच कराने और कैंसर सहित अन्य बीमारियों की शुरुआती पहचान के प्रति दूसरी महिलाओं को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर फिक्की फ्लो उत्तराखंड की चेयरपर्सन तृप्ति बहल, सचिव हरप्रीत कौर मारवाह, संयुक्त सचिव ममता रावत, कोषाध्यक्ष मनीत सूरी और हेल्थ एंड वेलनेस प्रमुख डॉ. गिग्गल रस्तोगी सहित शालिनी कुड़ियाल, डॉ. नमन कुड़ियाल, संजय पुंडीर, आयुष्मान कुड़ियाल, नियति कुड़ियाल, क्षितिज और ललित आनंद समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ जीवन के लिए केवल बीमारी के बाद उपचार कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित पोषण, शारीरिक सक्रियता और समय पर चिकित्सकीय परामर्श को जीवनशैली का हिस्सा बनाना भी जरूरी है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *