उत्तरकाशी : रामलीला मैदान में रविवार को बलूनी हॉस्पिटल, जोगीवाला, देहरादून की ओर से निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। पंच कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण यज्ञ समिति की ओर से आयोजित गो गंगा प्रतिष्ठा यज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के अवसर पर लगाए गए। इस शिविर में 400 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं के डॉक्टरों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. उदय शंकर बलूनी, एमडी चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. संदीप कुमार टंडन, मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुमार गुप्ता, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विष्णु वाजपेयी, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अपूर्व जैन (नियो वाइज चिल्ड्रन हॉस्पिटल, रेसकोर्स, देहरादून), हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमर उपाध्याय और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. चिराग बहुगुणा (डॉ. बहुगुणा आई एंड ईएनटी केयर) सहित डॉ. संतोष एवं डॉ. दीपक बहुगुणा ने अपनी सेवाएं दीं।
स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की निःशुल्क जांच के साथ ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच भी की गई। इसके अलावा चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर के संचालन में कैंप प्रबंधन से जुड़े कृष्णा छेत्री और राकेश, नर्सिंग टीम के धीरज एवं रेखा राणा, रजिस्ट्रेशन टीम की सरिता एवं साक्षी आर्या तथा फार्मेसी टीम के कन्हैया पुरोहित एवं लोकेन्द्र ने सहयोग किया।
आयोजन को सफल बनाने में पंच कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण यज्ञ समिति के सदस्यों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के परमेश्वर नौटियाल सहित अन्य सदस्यों ने शिविर की व्यवस्थाओं में सहयोग दिया।
इस अवसर पर बलूनी हॉस्पिटल प्रबंधन ने कहा कि आमजन तक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना अस्पताल की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। अस्पताल प्रबंधन ने शिविर में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।



