देहरादून. मंगलवार सुबह 8 बजे वैदिक मंत्रोत्चार के साथ पूरे विधि-विधान से बाबा केदारनाथ की पूजा कर भक्तों के लिए कपाट खोल दिया गया. इस दौरान सीएम धामी ने विशेष पूजा कर देश और प्रदेश के सुख-समृद्धि की कामना की. कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं के बीच हर-हर महादेव जयघोष गूंज उठा. जिसे लेकर पीएम मोदी ने पोस्ट कर भावनाएं व्यक्त की.
पीएम मोदी ने एक्स पर कहा, देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर आज श्री केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ हम सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं. केदारनाथ धाम और चारधाम की यह यात्रा हमारी आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है.
आगे पीएम मोदी ने कहा, इन यात्राओं से हमें भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन भी होते हैं. इस वर्ष चारधाम यात्रा के आरंभ उत्सव पर, उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए मैंने एक पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं. मेरी कामना है कि बाबा केदार सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और आपकी यात्राओं को शुभ करें. हर-हर महादेव!
