साधुराम इंटर कॉलेज में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 153 मरीजों ने उठाया लाभ

देहरादून : यूपीएचसी सीमाद्वार की ओर से जीएमएस रोड स्थित साधुराम इंटर कॉलेज में एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 153 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया।


शिविर में 125 लोगों की गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग की गई, जबकि 30 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड और 20 लोगों की आभा आईडी बनाई गई। इसके अलावा 53 लाभार्थियों की लैब जांच और 114 मरीजों के एक्स-रे किए गए। शिविर में बीपी, शुगर और हीमोग्लोबिन की जांच भी नि:शुल्क की गई। वहीं, दो दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक जांच एवं उपचार की सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।


शिविर में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा, यूपीएचसी सीमाद्वार की डॉ. सुषमा दत्ता, पीएचएम वैष्णवी, फार्मासिस्ट इरफान, एएनएम मीना, अर्चना, मूनी, आरजू तथा एक्स-रे तकनीशियन जितेंद्र सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *